बढ़ते कोरोना के बीच दिल्ली से आई राहत की खबर, 2 सप्ताह में पहली बार पॉजिटिविटी रेट में आई गिरावट

By: Pinki Sun, 02 May 2021 9:27:47

बढ़ते कोरोना के बीच दिल्ली से आई राहत की खबर, 2 सप्ताह में पहली बार पॉजिटिविटी रेट में आई गिरावट

दिल्ली में बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच राहत की खबर आई है। पिछले दो सप्ताह में पहली बार कोरोना पॉ‌जिटिविटी रेट 30% के नीचे आ गई है। लॉक डाउन के बाद ऐसा पहली बार है जब पॉजिटिविटी रेट 30% के नीचे आया हो। पॉजिटिविटी रेट गिरकर 28.33% पर आ गई है। हालाकि, पिछले 24 घंटों में 407 मरीजों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। ऐसा लगातार दूसरे दिन हुआ है जब 400 से ज्यादा लोगों ने दम तोड़ दिया है। शनिवार को 412 लोगों की मौत हुई थी। दिल्ली में कोरोना से मौत का यह आंकड़ा अब तक का सबसे बड़ा है। इससे पहले शुक्रवार को भी दिल्ली में कोरोना से 375 लोगों की मौत हुई थी। गुरुवार को 395 लोगों की मौत हुई थी। बुधवार को 368 लोगों की मौत हुई थी।

इसी तरह नए मरीजों की बात करे तो रविवार को दिल्ली में 20,394 मरीज मिले। इससे पहले शनिवार को 25,219, शुक्रवार को 27,047, गुरुवार को 24,235 और बुधवार को 25,986 नए मरीज मिले थे।

दिल्ली सरकार ने शनिवार को भी कोविड 19 खिलाफ लड़ाई में दिल्ली की मदद करने के लिए पोर्टल की शुरुआत की। इस पोर्टल के जरिए भारत और विदेश में रहने वाले के लोग कोविड-19 के खिलाफ इस मुश्किल लड़ाई में मदद कर सकेंगे। दिल्ली सरकार इसके माध्यम से मिलने वाले तत्काल सहयोग से दिल्ली में ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर, डी-टाइप ऑक्सीजन सिलेंडर समेत अन्य चिकित्सा उपकरणों की किल्लत को खत्म करना चाह रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश में आपदाओं से निपटने में सरकारों की मदद करने में भारतीय और प्रवासी नागरिक हमेशा सबसे आगे रहे हैं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि जितना हो सके, उतना सहयोग करें।

दिल्ली के स्वास्‍थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के पिता की कोरोना से मौत

दिल्ली के स्वास्‍थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के पिता की कोरोना से मौत हो गई है। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट के जरिए दी। सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया कि दिल्ली के लोगों के लिए रात दिन बिना थके काम करने वाले स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने अपने पिता को कोविड के चलते खो दिया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और शोक संतप्त परिवार को दुख सहन करने की क्षमता प्रदान करे।

सत्येंद्र जैन के पिता के निधन पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी शोक जताया है। उन्होंने अपने ट्वीटर हैंडल पर लिखा, 'मेरे दोस्त और सहकर्मी सत्येंद्र जैन के पिता का निधन हो गया है। इस मुश्किल समय में हम सबके लिए यह बहुत दुखद खबर है। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। ओम शांति।'

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com